
Lucknow : देश भर में डिजिटल इंडिया के तहत लगातार कई राज्यों की सरकारें विभिन्न कदम उठा रही हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए यूपी विधानसभा को पेपरलेस करने का ऐलान किया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधान सभा गैलरी के सौंदर्यीकरण के कामों और ई-विधान का लोकार्पण किया। इसके साथ ही विधानसभा की कार्यवाही के पेपरलेस होने का रास्ता साफ हो गया है।
क्या है ई-विधान?
ई- विधान एक ऐसी व्यवस्था है यूपी विधानसभा की कार्यवाही का ऑनलाइन संचालन किया जाएगा। हर विधायक की सीट के सामने मेज पर सिस्टम लगाया गया है। पहले सत्र से ही सदन का बदला हुआ नजारा दिखेगा। ई- विधान लागू होने से विधानसभा में उपयोग में आने वाले कागज़ों की तादाद बिल्कुल कम हो जाएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य मंत्रियों ने किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए ई-विधान के लोकार्पण कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया था कि देश की सभी विधानसभाएं एक ही पोर्टल से जुड़ जाएंगी तो जितने भी एजेंडे, नोटिस, प्रश्न और उनके उत्तर होंगे वे सब उसी पर होंगे। इसके अलावा बिल भी इस पर ही दिखाया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने ये भी कहा कि अब तक यदि कोई प्रश्न करता था तो उसे हर प्रश्न को पहले सम्बन्धित विभाग को भेजना होता था और उसके बाद उसका जवाब आता था। ई-विधान सिस्टम लागू होने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी। यूपी ई-विधान सिस्टम से चलने वाली देश की पहली विधानसभा है।