
श्रीमद्भागवत में श्रीकृष्ण की लीलाओं की कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु
लालगंज/प्रतापगढ़/ इलाके के असांव गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में कथा व्यास आचार्य शिवेश शास्त्री के मुखारबिन्दु से भगवान् श्री कृष्ण की लीलाओं से जुड़े कथा प्रसंग को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे दिखे। कथाव्यास ने कहा कि परमात्मा ही परम सत्य है। संसार का नाश होने पर भी परमात्मा का नाश नहीं होता है। उन्होनें भगवान श्रीकृष्ण के माखन चोरी की लीला को समझाते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के घर से केवल माखन चुराया अर्थात् सार तत्व को ग्रहण किया और असार को छोड दिया। इस प्रसंग को समझाते हुए आचार्य ने बताया कि सृष्टि का सार तत्व परमात्मा ही है और असार यानि संसार के अन्य पदार्थ नश्वर हैं। उन्होनें कहा कि श्रीमद्भागवत मनुष्य को जीवन जीने का अनूठा संदेश देता है। श्रीमदभागवत जीवन को कैसे जिआ जाय यह बतलाता है। भागवत कथा के मुख्य आयोजक सावित्री देवी पत्नी स्व. चिन्तामणि शुक्ल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। संयोजक आलोक शुक्ल ने आभार जताया। इस मौके पर प्रतीक शुक्ल, अनुराग शुक्ल, रवीन्द्र नाथ शुक्ल, अम्बिका मिश्र, संकठा प्रसाद मिश्र, मुदित, अजय, रामशिरोमणि पाण्डेय आदि मौजूद रहे।