
छिनैती की झूठी सूचना देकर बाइक हड़पने का आरोप, बाघराय पुलिस ने आरोपी को दबोचा
कुंडा/प्रतापगढ़। बाघराय पुलिस ने बाइक छिनैती की झूठी सूचना देकर धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को अरुणेंद्र कुमार ने मद्दू का पूरा गांव में चार अज्ञात लोगों द्वारा असलहा सटाकर बाइक छीनने की सूचना दी थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अरुणेंद्र कुमार ओझा उर्फ साहब ओझा (31) निवासी सतनापुर खरगापुर, थाना होलागढ़, प्रयागराज को टोड़ी का पुरवा नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कथित रूप से छिनी गई बाइक बरामद हुई।कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में एएसपी पश्चिमी बृजनन्दन राय, सीओ सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण और बाघराय थाना प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनीत कुमार यादव, कांस्टेबल सोनू कुमार और यादवेन्द्र यादव द्वितीय शामिल रहे।