गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति कुंतल करने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति कुंतल करने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा

बिसवां (सीतापुर)। गन्ना किसानों की समस्याओं और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों एवं किसानों ने बिसवां चीनी मिल गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने सरकार के सामने गन्ना मूल्य बढ़ाने समेत तीन प्रमुख मांगें रखीं। धरना-प्रदर्शन के बाद किसान नेताओं ने उपजिलाधिकारी बिसवां को मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

किसानों ने मांग की कि गन्ने का मूल्य वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए तत्काल प्रभाव से 600 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया जाए। किसानों का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल, बिजली और कृषि मजदूरी पर होने वाला खर्च बढ़ने से किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। ऐसे में गन्ने का उचित मूल्य मिलना बेहद जरूरी है।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने मांग पत्र के माध्यम से यह भी मांग उठाई कि जब तक गन्ने के मूल्य में वृद्धि नहीं की जाती, तब तक किसानों को 100 रुपये प्रति कुंतल बोनस दिया जाए, जिससे किसानों को कुछ आर्थिक राहत मिल सके। इसके अलावा गन्ने की पेराई के बाद निकलने वाली मैली (प्रेसमड) किसानों को निःशुल्क उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान उपजिलाधिकारी बिसवां ने किसान नेताओं से वार्ता करते हुए उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम ने किसानों से एक सप्ताह का समय मांगा। उन्होंने बताया कि किसानों की मांगों के संबंध में शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है।

एसडीएम के आश्वासन के बाद किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की मेहनत और लागत को देखते हुए गन्ने का लाभकारी मूल्य निर्धारित किया जाना चाहिए। किसानों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जाना उचित नहीं है। किसान अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठा रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि शासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा।

किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो किसान संगठन आगे की रणनीति तय करेगा और किसानों के हितों के लिए आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस मौके पर शिवराज सिंह पटेल तहसील अध्यक्ष, समत कुमार वर्मा मंडल सचिव, रामदास यादव प्रदेश उपाध्यक्ष, शुभम रस्तोगी जिला मीडिया प्रभारी,प्रमोद कुमार वर्मा तहसील उपाध्यक्ष, पवन कुमार वर्मा तहसील अध्यक्ष महमूदाबाद, वीरेंद्र कुमार वर्मा, सुशील राज, कपिल वर्मा, राम लली पाल, शिवकुमार वर्मा, अंशुल वर्मा, मुर्तजा अली अंसारी, अहमद खान सेमरा कला, रिशु भार्गव आदि किसान उपस्थित रहे।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें