
मंझारी चौराहा लूटकांड का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ में दो इनामी गिरफ्तार
चार आरोपियों के पास से लूट का पूरा माल बरामद करने का पुलिस का दावा, सोना-चांदी और नकदी सहित बाइक व तमंचे मिले
नैमिष टुडे/ संवाददाता /गोंदलामऊ
सीतापुर। संदना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाकर की गई लूट की वारदात में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के खुलासे में जुटी एसओजी और संदना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए हैं। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
जानकारी के मुताबिक, बीते 6 नवंबर को मंझारी चौराहे के पास सर्राफा व्यापारी विमलेश रस्तोगी से बदमाशों ने आभूषणों से भरा बैग लूट लिया था। व्यापारी के साथ मारपीट कर आरोपी नंदवन गांव के निकट मंगलम तिराहे के पास वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम ने सबसे पहले बैजनाथ सिंह उर्फ धीरज और लुकमान को कोनीघाट पुल के पास से गिरफ्तार किया। इनके पास से 6.493 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण और 19,200 रुपये बरामद हुए। पूछताछ के दौरान इरफान और दीपक सिंह के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों की तलाश तेज कर दी।
10 नवंबर को गणेशपुर के पास पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं। जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार इरफान और दीपक के पास से 25.26 ग्राम सोने के आभूषण, 31 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की अपाचे बाइक और दो तमंचे बरामद किए गए। इसके अलावा चार जिंदा तथा तीन खोखा कारतूस भी मिले हैं।
पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों से व्यापारी के लूटे गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। कुल बरामदगी में करीब 25 ग्राम सोना, 6.5 किलो चांदी और 50,200 रुपये नकद शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थाना संदना पुलिस और एसओजी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है