
वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से नर्सिंग कर्मचारी की मौत, मचा हड़कंप
अटरिया, सीतापुर। अटरिया थाना क्षेत्र में हिंद हॉस्पिटल के सामने सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 34 वर्षीय युवक की वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान मानस मिश्रा पुत्र कैलाश नाथ मिश्रा, निवासी मोहल्ला संकटा देवी, सदर कोतवाली लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मानस मिश्रा हिंद हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर कार्यरत था।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम हिंद हॉस्पिटल के सामने रेलवे ट्रैक पर वह वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही अटरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।