ग्राम पंचायत अटरिया में 20 मीटर सड़क और 25 साल पुराने तालाब पर सवाल

ग्राम पंचायत अटरिया में 20 मीटर सड़क और 25 साल पुराने तालाब पर सवाल

दस साल से आश्वासन, रास्ते में सालभर जलभराव; सांप निकलने से ग्रामीणों में दहशत

अटरिया/सीतापुर। ग्राम पंचायत अटरिया में करीब 20 मीटर अधूरे रास्ते और 0.1010 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले करीब 25 वर्ष पुराने तालाब की खुदाई न होने को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते के निर्माण को लेकर करीब दस वर्षों से आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, करीब छह वर्ष पहले जहां तक खड़ंजा लगाया गया था, उसके आगे लगभग 20 मीटर रास्ता आज तक अधूरा है। इस हिस्से में वर्षभर जलभराव रहने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। कीचड़ और पानी के बीच से लोगों को निकलना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण कई बार सांप भी दिखाई देते हैं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत बनी रहती है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रास्ते से गुजरने में विशेष परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि घर से निकलने के बाद मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता है।

ग्रामीणों के मुताबिक, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमर सिंह बबलू से कई बार रास्ता बनवाने का अनुरोध किया गया। जनसुनवाई में शिकायत के बाद पंचायत सचिव प्रदीप यादव की ओर से भी रास्ता बनवाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ।

ग्रामीण अंजुल मिश्रा, अजय मिश्रा, विमलेश सिंह, अंशुल मिश्रा, रजनीश गुप्ता, सूरज गुप्ता और शिवम शुक्ला ने प्रशासन से मौके का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने 20 मीटर अधूरे रास्ते का निर्माण कराने के साथ जलभराव की स्थायी समस्या दूर करने और करीब 25 वर्ष पुराने तालाब की खुदाई कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का सवाल है कि यदि वर्षों से समस्या की जानकारी है तो अब तक इसका स्थायी समाधान क्यों नहीं किया गया। उनका कहना है कि लगातार आश्वासन के बावजूद काम न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। प्रशासन के स्थलीय निरीक्षण और कार्रवाई से ही वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की उम्मीद है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें