
ऐतिहासिक बबवा मेले की जमीन को लेकर विवाद गहराया
जगापुर-बहोरीकपुर सीमा पर सदियों से लगता है मेला, जमीन पर कब्जे का आरोप लगाते हुए महेशगंज थाने में दी गई तहरीर
कुंडा/प्रतापगढ़। थाना महेशगंज क्षेत्र के जगापुर और बहोरीकपुर गांव की सीमा पर लगने वाले सदियों पुराने ऐतिहासिक बबवा मेले की जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में एक पक्ष ने महेशगंज थाने में शिकायती पत्र देकर जमीन पर कथित कब्जे और निर्माण की कोशिश का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, बबवा मेले की भूमि पर लंबे समय से धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजन होते आ रहे हैं। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा मेले की जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए निर्माण एवं कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि मौके पर पहुंचकर विरोध करने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
शिकायत में राजस्व अभिलेखों एवं मौके की पैमाइश कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराने तथा मेले की भूमि को सुरक्षित रखने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बबवा मेला क्षेत्र की पुरानी पहचान और आस्था से जुड़ा हुआ है। ऐसे में मेले की जमीन को लेकर विवाद सामने आने से ग्रामीणों में भी नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर ऐतिहासिक मेले की जमीन को विवाद से मुक्त कराने की मांग की है।
अब निगाहें पुलिस और राजस्व विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।