
खेत से लाखों के यूकेलिप्टस के पेड़ कटवाने का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
नैमिष टुडे /संवाददाता /गोंदलामऊ
संदना सीतापुर |
थाना संदना क्षेत्र के ग्राम अलीनगर मजरा बकछेरवा निवासी उपेंद्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने उसके खेत में लगे यूकेलिप्टस, चिलवल और नीम के पेड़ अवैध रूप से कटवा दिए। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, ग्राम पंचायत बकछेरवा स्थित उसके खेत (गाटा संख्या 371) में लगभग 100 यूकेलिप्टस सहित अन्य पेड़ लगे थे। आरोप है कि 27 जुलाई 2026 को पड़ोसी खेत के लोगों ने पेड़ों की कटाई शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने डायल-112 और थाना संदना पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कटान रुकवा दिया. शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद उसने 28 जुलाई और 4 अगस्त को तहसील प्रशासन से भी शिकायत की।
आरोप है कि मामले में पैमाइश की कार्रवाई लंबित रहने के दौरान 5 अगस्त को विपक्षी पक्ष ने कथित रूप से शेष पेड़ों को भी कटवाकर बेच दिया। पीड़ित ने दावा किया है कि इससे उसे करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने और गांव में न रहने देने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने तथा नुकसान की भरपाई दिलाने की मांग की है।