
शेखवापुर में जर्जर मार्ग बना हादसों का कारण
किसान नेता शुभम रस्तोगी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उठाई आवाज
विकास मिश्रा/नैमिष टुडे
सकरन/सीतापुर। ग्राम पंचायत कौवाखेड़ा के अंतर्गत ग्राम शेखवापुर में मेन रोड से राम सिंह के घर तक जाने वाला मार्ग लंबे समय से अत्यंत जर्जर स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों का आवागमन होता है और खराब मार्ग के कारण आए दिन बच्चे गिरकर घायल हो जाते हैं। कई राहगीर भी फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों द्वारा अभी तक रास्ते की मरम्मत या निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इस गंभीर समस्या को लेकर किसान नेता शुभम रस्तोगी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आवाज बुलंद की और प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया, तो जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि मेन रोड से राम सिंह के घर तक के जर्जर मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। इस मौके पर ओम प्रकाश, अजय, सलीम, मथुरा, राम नरेश वर्मा, जलालुद्दीन, दीवाना, राम सरन, उदय, लवकुश, मुस्तफा, मो रजा, जाबिर, यूसुफ, दिनेश, कल्लू, मंसादीन, जयनारायण, रमेश, दिनेश, सुरेंद्र, कमलेश, नैमिष आदि लोग उपस्थित रहे।