
आरोग्य भारती ने मनाया भगवान धन्वन्तरि प्राकट्योत्सव, हवन-पूजन कर की लोककल्याण की कामना
प्रतापगढ़। पंचदीपोत्सव पर्व के प्रथम दिवस भगवान धन्वन्तरि के प्राकट्योत्सव एवं धन्वन्तरि जयंती के पावन अवसर पर आरोग्य भारती के तत्वावधान में धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान धन्वन्तरि का विधिवत पूजन-अर्चन एवं हवन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां समर्पित कर समस्त जनमानस के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं निरोगी जीवन की मंगलकामना की गई।
कार्यक्रम में आरोग्य भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. रंगनाथ शुक्ल ने भगवान धन्वन्तरि के प्राकट्योत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान धन्वन्तरि आयुर्वेद एवं आरोग्य के अधिष्ठाता देवता हैं। भारतीय चिकित्सा परंपरा में उनका विशेष स्थान है।संरक्षक डॉ. एस.के. शर्मा ने अपना आशीर्वचन देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना आवश्यक है।
अध्यक्ष डॉ सुधांशु उपाध्याय जी ने कहा कि आयुर्वेद की मान्यता पंचम वेद के रूप में प्रतिष्ठित है
इस अवसर पर संरक्षक डॉ. एस.के. शर्मा , डॉ. सुधांशु उपाध्याय अध्यक्ष, राकेश शर्मा कोषाध्यक्ष, धर्म प्रकाश पाण्डेय सचिव, अमित शुक्ल उपाध्यक्ष एवं योग प्रशिक्षक राकेश कुशवाहा श्री अजीत सिंह विभागाध्यक्ष डी एल एड डॉ ए के मिश्र सदस्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विश्व कल्याण एवं सर्वजन के आरोग्य की प्रार्थना के साथ हुआ।