
18 जुलाई तक नहीं पहुँचा शारदा सहायक खंड-36 राजवाहा में पानी, धान की रोपाई प्रभावित; किसान परेशान
अरुण कुमार दुबे/ ब्यूरो चीफ / जौनपुर
बदलापुर, जौनपुर। विधानसभा बदलापुर अंतर्गत शारदा सहायक खंड-36 राजवाहा में इस वर्ष 18 जुलाई तक पानी नहीं पहुंचने से क्षेत्र के हजारों किसान परेशान हैं। हर वर्ष 20 से 22 जून तक इस राजवाहा में पानी पहुंच जाता था, जिससे धान की रोपाई समय से पूरी हो जाती थी, लेकिन इस बार एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नहर सूखी पड़ी है।
यह राजवाहा पट्टी प्रतापगढ़ से निकलकर विधानसभा क्षेत्र के दक्षिण-पश्चिमी छोर विझवट (घीसा का पूरा) से दो शाखाओं में विभाजित होकर प्रथम शाखा बासुपुर होते हुए बदलापुर तथा दूसरी शाखा महराजगंज, तेजी बाजार होते हुए धनियामऊ तक जाती है। इसके माध्यम से लाखों एकड़ कृषि भूमि सिंचित होती है और हजारों किसान प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होते रहे हैं। समय पर पानी न मिलने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
किसानों का आरोप है कि नहर विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने पर भी पानी न आने के संबंध में कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। वहीं, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की चुप्पी को लेकर भी किसानों में नाराजगी है। किसानों का कहना है कि जब सिंचाई की मूलभूत व्यवस्था ही समय पर उपलब्ध नहीं होगी तो किसानों की आय दोगुनी करने के दावे कैसे पूरे होंगे।
दूसरी ओर, शारदा सहायक खंड-36 का डाक बंगला और आवासीय परिसर भी बदहाली का शिकार है। कभी यहां नहर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी निवास करते थे, लेकिन आज यह भवन खंडहर में तब्दील हो चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार परिसर वीरान पड़ा है और असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है।
क्षेत्रीय किसानों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि शारदा सहायक खंड-36 राजवाहा में तत्काल पानी छोड़ा जाए, डाक बंगले का पुनरुद्धार कराया जाए तथा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यस्थल पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। किसानों का कहना है कि बदलापुर विधानसभा की 80 प्रतिशत आबादी खेती-किसानी पर निर्भर है, ऐसे में सिंचाई व्यवस्था की उपेक्षा किसानों के हितों के साथ न्याय नहीं है।