तड़के 3 बजे घर में घुसकर पिता-पुत्र पर फायरिंग, दोनों गंभीर—महमूदाबाद के अंगेथवा गांव में सनसनी

तड़के 3 बजे घर में घुसकर पिता-पुत्र पर फायरिंग, दोनों गंभीर—महमूदाबाद के अंगेथवा गांव में सनसनी

महमूदाबाद-सीतापुर
थाना क्षेत्र के ग्राम अंगेथवा के तुरनी गांव में रविवार तड़के करीब 3 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे पिता और उसके मासूम बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 35 वर्षीय सुनील कुमार और उनका तीन वर्षीय पुत्र अभय गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया। परिजन दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
*बिजली काटकर दिया वारदात को अंजाम*
परिजनों के अनुसार हमलावरों ने पहले घर के बाहर लगा बिजली का केबल काट दिया, जिससे पूरे घर में अंधेरा छा गया। इसके बाद बदमाशों ने घर के बाहर ईंटों से बंद किए गए दरवाजे पर लगे तिरपाल को हटाकर अंदर घुसकर सो रहे पिता-पुत्र पर फायरिंग कर दी।
गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग जाग गए, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
*लूट की आशंका, मंदिर का ताला भी टूटा मिला*
जांच के दौरान पुलिस को घर से करीब 100 मीटर दूर एक मंदिर के कमरे का ताला टूटा हुआ मिला, जहां से राशन सहित कुछ सामान गायब पाया गया। ग्रामीणों का मानना है कि वारदात लूट के इरादे से की गई हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
परिवार ने जताई हैरानी, नहीं थी किसी से रंजिश
पीड़ित के बड़े भाई किशोरी लाल ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
*पुलिस जांच में जुटी,टीमें गठित*
प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और मामले की गहन जांच जारी है।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें