
कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज प्रकरण: छात्रा के आरोप जांच में निराधार साबित
महमूदाबाद-सीतापुर।
बिलौली बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका इंटर कॉलेज से जुड़ा मामला अब पूरी तरह से जांच के बाद स्पष्ट हो गया है। छात्रा द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों को त्रिस्तरीय जांच समिति ने निराधार करार दिया है। समिति ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट साक्ष्यों सहित जिलाधिकारी को सौंप दी है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व विद्यालय की छात्रा शिवानी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे गंभीर अवस्था में सीएचसी महमूदाबाद लाया गया था। इसके बाद छात्रा ने विद्यालय की कुछ शिक्षिकाओं पर झाड़ू-पोंछा कराने, खाना बनवाने, काम न करने पर भूखा रखने और लंबे समय तक खड़ा रखकर प्रताड़ित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में शिक्षिका प्रियंका, अनुराधा और मानसी श्रीवास्तव के नाम भी सामने आए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। समिति में एसडीएम बिसवां, एसडीएम महमूदाबाद और बेसिक शिक्षा अधिकारी को शामिल किया गया था। समिति को 24 घंटे के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
11 अप्रैल को समिति ने विद्यालय पहुंचकर गहन जांच की। इस दौरान छात्राओं और स्टाफ के बयान दर्ज किए गए तथा सीसीटीवी फुटेज का भी बारीकी से परीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि छात्राओं को निर्धारित समय पर भोजन दिया जा रहा है और उनसे किसी प्रकार का निजी कार्य नहीं कराया जाता है।
इसके अलावा यह भी पाया गया कि संबंधित छात्राओं का व्यवहार पहले से अनुशासनहीन रहा है, जिस पर विद्यालय प्रशासन द्वारा पहले ही परामर्श और चेतावनी दी जा चुकी थी।
समिति ने अपने निष्कर्ष में स्पष्ट किया कि लगाए गए सभी आरोप असत्य और निराधार हैं। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपे जाने के बाद अब पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो गई है।