
केंद्रीय मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल जी ने आगरा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ किया निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल का निरीक्षण, दिए निर्देश
30 सितंबर 2026 तक आगरा को मिलेगी सिविल एयरपोर्ट की सौगात, 55 प्रतिशत कार्य पूर्ण, युद्धस्तर पर निर्माण कार्य जारी
केंद्रीय मंत्री ने निर्माण श्रमिकों से भी मुलाकात कर किया प्रेरित,पात्रतानुसार सभी को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के दिए निर्देश
प्रो० एस०पी० सिंह बघेल, सांसद एवं राज्य मंत्री मत्स्य पशुधन दुग्ध एवं पंचायती राज की अध्यक्षता में खेरिया एअर पोर्ट सभागार में आगरा हवाई अड्डा सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ बैठक भी हुई सम्पन्न
विष्णु सिकरवार/नैमिष टुडे
आगरा। एस पी सिंह बघेल, सांसद एवं राज्य मंत्री मत्स्य पशुधन दुग्ध एवं पंचायती राज की अध्यक्षता में खेरिया एअर पोर्ट सभागार में आगरा हवाई अड्डा सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारम्भ मा0 मंत्री द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। बैठक में आगरा हवाई अड्डा सलाहकार समिति समिति के सदस्यगण, जिला प्रशासन, वायु सेना, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, इंडिगो एयरलाइन्स आदि के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में एयरपोर्ट पर नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने, आगरा से गोवा, सूरत, गुवाहाटी,जम्मू कश्मीर, बौद्ध सर्किट हेतु वाराणसी इत्यादि के लिए फ्लाइट की सुविधा प्रदान किए जाने पर विस्तृत चर्चा की गई तथा बैठक में विभिन्न सुझावों को रखा गया। हवाई अड्डे के आर्थिक सलाहकार समिति की बैठक में सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट ने सीआईएसफ बल सदस्यों के रहने व सुरक्षा संबंधित उपकरण इत्यादि के रखरखाव के लिए पांच एकड़ जमीन का भी मुद्दा उठाया क्योंकि इस बड़े एयरपोर्ट में सीआईएसएफ की संख्या बढ़कर 250 हो जाएगी इसके लिए अभी तक जमीन आवंटित नहीं की गई है।
तत्पश्चात केंद्रीय मंत्री ने सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल धनौली का निरीक्षण किया।
महाप्रबंधक (अभि.)/प्रोजेक्ट प्रभारी ने न्यू सिविल एन्क्लेव का विवरण एवं निर्माण कार्य प्रगति से अवगत कराया। मा.मंत्री ने प्रोजेक्ट की कार्य प्रगति की सराहना की और प्रोजेक्ट को समयबद्ध रूप से 30 सितंबर 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। मा.मंत्री महोदय ने नवीन एयरपोर्ट निर्माण स्थल धनौली गांव को नगर निगम की परिधि में लाए जाने का भी आश्वासन दिया।जिससे कि एयरपोर्ट के आस-पास के एरिया का सर्वांगीण विकास हो सके।
एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ मौके पर निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल भवन का निरीक्षण कर कार्य प्रगति तथा गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण में बताया गया कि प्रोजेक्ट की 55 प्रतिशत भौतिक प्रगति पूर्ण है,जिसमें बेसमेंट का कार्य समयसाध्य रहा,अब कार्य तेजी से संपन्न होगा,उन्होंने बताया कि 30 सितंबर 2026 तक पूर्ण कर हैंडओवर कर दिया जाएगा। 441.79 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन,आगरा सिविल एयरपोर्ट का प्रोजेक्ट एरिया 144.07 एकड़ में विस्तृत है, जिसमें 33845 स्क्वायर मीटर में टर्मिनल बिल्डिंग,400 वाहनों की क्षमतायुक्त 16810 स्क्वायर मीटर स्थान में मल्टीलेवल पार्किंग,200 कार की क्षमतायुक्त सर्फेस पार्किंग,2379 स्क्वायर मीटर में यूटिलिटी ब्लॉक,19 चैक इन काउंटर, 12 ई- चैक इन काउंटर,06 सिक्योरिटी काउंटर,03 फुल बॉडी स्कैनर,03 एरो ब्रिज,06 एस्केलेटर, 12 एलिवेटर्स,33 इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन,500 किलोवॉट क्षमता का सोलर पॉवर प्लांट,22 डिजी यात्रा डिवाइसेज, ग्राउंड वाटर रिचार्ज सिस्टम,रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट प्रस्तावित हैं। टर्मिनल भवन से एयरक्राफ्ट में सीधे प्रवेश हेतु यात्री बोर्डिंग सुविधा भी होगी। मा. मंत्री ने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों का निर्देशित किया कि समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जाना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण में केंद्रीय मंत्री ने निर्माण श्रमिकों से भी मुलाकात कर उनको प्रदान की जा रही सुविधा, आवास,मजदूरी इत्यादि की जानकारी ली तथा कार्य हेतु प्रेरित किया, मा.मंत्री ने निर्माण श्रमिकों से श्रम विभाग में उनके पंजीकरण, ई- लेबर कार्ड,आयुष्मान कार्ड सुविधा आदि के बारे में पूछा तथा परिवार में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में उन्हें जानकारी दी।तथा संबंधित को पात्रतानुसार सभी को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किए जाने हेतु निर्देश दिए।