
केन्द्रीय मंत्री प्रो. एस.पी सिंह बघेल, अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग श्रीमती बबीता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप एवं जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने फीता काटकर ताज महोत्सव 2026 का किया शुभारंभ
वन्दे मातरम परम्परा एवं राष्ट्र का गौरव’ थीम पर ताज महोत्सव 2026 का हुआ भव्य आयोजन
महोत्सव में स्थानीय शिल्पियों के अलावा अन्य स्थानों से भी शिल्पी प्रतिभाग कर रोजगार उत्पन्न करते हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है- मा. केन्द्रीय मंत्री
विष्णु सिकरवार/नैमिष टुडे
आगरा। बुधवार को केन्द्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल,अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग श्रीमती बबीता चौहान, जिला पंचायत, अध्यक्ष डॉ मंजू भदौरिया तथा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने टाटा ग्राउण्ड, फतेहाबाद रोड, निकट जेपी होटल पर भव्य ताज महोत्सव 2026 का फीता काट कर शुभारंभ किया।
तत्पश्चात ताज महोत्सव क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा विभिन्न स्टॉल पर जाकर शिल्पियों से बात की तथा उनके उत्पाद निर्माण प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली, साथ ही केन्द्रीय मंत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर व फीता काट कर आकांक्षा परामर्श दात्री समिति की स्टॉल का शुभारम्भ किया गया।
मा. केंद्रीय मंत्री ने मुख्य मंच पर पहुंचकर मा. अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग श्रीमती बबीता चौहान, जिला पंचायत, अध्यक्ष डॉ मंजू भदौरिया तथा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंडलायुक्त ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यटन एक अग्रणी उद्योग का स्वरूप ले चुका है। आगरा में प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में देशी एवं विदेशी पर्यटकों का आवागमन रहता है, जिससे न केवल देश व प्रदेश की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होते हैं और स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि ताज महोत्सव के माध्यम से हमारा प्रयास है कि देश-प्रदेश के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत तथा हस्तशिल्प एवं लोक कला की झाँकी विश्व पटल पर प्रस्तुत हो, इससे जनपद में और अत्यन्ंत पर्यटक बढे़गा, जिससे स्थानीय स्तर के लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। पर्यटन नगरी आगरा में ताज महोत्सव का आयोजन वर्ष 1992 से निरन्तर रूप से किया जा रहा है। महोत्सव की श्रंखला में इस वर्ष का महोत्सव 34वें ताज महोत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य भारत की संस्कृति, शिल्प कला एवं व्यंजनों का समुचित प्रचार-प्रसार कर आगरा एवं देश के पर्यटन को बढ़ावा देना, विभिन्न प्रदेशों के मध्य सांस्कृतिक आदान प्रदान सौहार्द एवं सामंजस्य स्थापित करना तथा देश के विभिन्न प्रांतों के शिल्प का प्रदर्शन एवं बिक्री कर हस्तशिल्प एवं कुटीर उद्योग को प्रोत्साहित करना है। यह आयोजन भारतीय कला, संस्कृति, व्यंजन एवं हस्तशिल्प का अनूठा संगम है।
केंद्रीय मंत्री प्रो.एस पी सिंह बघेल ने कहा कि इस वर्ष ताज महोत्सव वन्दे मातरम परम्परा एवं राष्ट्र का गौरव आधारित थीम पर आयोजित किया जा रहा है, हमारी संस्कृति के अनुसार विश्व ही परिवार है, जिस प्रकार हम अपने परिवार को संजोये रखते हैं, इसी प्रकार हम विश्व को एक समान देखते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद का सौभाग्य है कि यहां विश्व धरोहर है और जनपद में इसके अतिरिक्त स्थित पौराणिक नगरी बटेश्वर के शिव मन्दिरों की श्रंखला तथा शौरीपुर के जैन तीर्थ स्थल भी पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक श्रद्धा के केन्द्र हैं, यहां देश-विदेश से अत्यन्त पर्यटक व धार्मिक श्रद्धालु आते हैं, इससे देश, प्रदेश व स्थानीय लोगों को अत्यंत रोजगार प्राप्त होता है और वास्तु शिल्पियों की स्वप्न नगरी आगरा एक विश्वदाय नगरी है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में स्थानीय शिल्पियों के अलावा अन्य स्थानों से भी शिल्पी प्रतिभाग कर रोजगार उत्पन्न करते हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। साथ उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि आगरा बृज क्षेत्र की नगरी है, इस नगरी में बृज क्षेत्र व भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलती है, संस्कृति किसी भी समाज का प्राण होती है और इसे अक्षुण्ण बनाये रखना हमारा कर्तव्य है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की भव्य प्रस्तुति का शुभारंभ लखनऊ की डॉ. सुरभि शुक्ला व उनकी टीम द्वारा महाकुंभ थीम पर आधारित ’धरा पर गंगा अवतरण’ की अपनी नृत्यांजलि से मनमोहक व भावविभोर करने वाली प्रस्तुति दी। मुरारी लाल शर्मा व उनकी टीम ने रास व ब्रज की फूलों की होली से शमा बांध दिया। ताज महोत्सव में विभिन्न खान पान की विभिन्न स्टॉल के साथ, देश के अलग अलग राज्यों के उत्पाद भी उपलब्ध हैं। जो लोग कश्मीर, राजस्थान, बंगाल नहीं जा सकते वो सब यहां उपलब्ध है।
इस अवसर पर पर्यटन अधिकारी श्री शक्ति सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण आदि मौजूद रहे।