
राजा भइया की विचारधारा से प्रभावित युवा लगाएगा 160 किमी की दौड़
आदित्य मिश्रा शुभम 6 नवंबर को मां चमुंडा धाम से अयोध्या के लिए होगा रवाना, रामलला के दर्शन कर राजा भइया के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की करेगा कामना
कुंडा प्रतापगढ़।विहार विकास खंड के तारापुर कदंई गांव निवासी आदित्य मिश्रा उर्फ शुभम ने राजा भइया के दीर्घायु, स्वस्थ जीवन, उन पर ईश्वर की कृपा बनी रहने और उनकी निरंतर जनसेवा के लिए 160 किलोमीटर की दौड़ यात्रा का संकल्प लिया है। आदित्य की यह यात्रा सिर्फ मुलाकात के लिए नहीं है। उसका कहना है कि राजा भइया स्वस्थ रहें, लंबे समय तक जनता की सेवा करते रहें और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का नाम पूरे देश में हो, यही उसकी कामना है।27 वर्षीय आदित्य ने आज तक जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कुंडा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कुंवर रघुराज प्रताप सिंह राजा भइया से मुलाकात नहीं की है। इसके बाद भी वह उनकी सनातन विचारधारा, जरूरतमंदों की मदद करने की आदत और सेवा भाव से प्रभावित है। आदित्य बताता है कि उसने राजा भइया के वीडियो देखे, उनके कामों को देखा और उनकी सेवा को देखकर ही मन में यह भाव आया। बचपन से क्षेत्र में उनके बारे में सुनता आया था, धीरे-धीरे यही श्रद्धा संकल्प में बदल गई।आदित्य ने प्रयागराज में रहकर विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद इस समय वह फतेहपुर में एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा है। नौकरी के साथ उसने यह संकल्प लिया है कि अपनी श्रद्धा को दौड़ यात्रा के रूप में पूरा करेगा।यात्रा का कार्यक्रम तय हो चुका है। 6 नवंबर, शुक्रवार को बाघराय क्षेत्र के मां चमुंडा धाम में पूजा-पाठ होगा। मां चमुंडा का आशीर्वाद लेकर शाम पांच बजे आदित्य दौड़ते हुए यात्रा शुरू करेगा। मां चमुंडा धाम से अयोध्या तक की दूरी करीब 160 किलोमीटर है। पूरी यात्रा दौड़ते हुए ही पूरी की जाएगी। रास्ते में जहां रात होगी, वहीं रुककर विश्राम होगा।अयोध्या पहुंचकर आदित्य प्रभु श्रीरामलला के दर्शन-पूजन करेगा। वहां वह रामलला से प्रार्थना करेगा कि राजा भइया पर भगवान की कृपा बनी रहे, वह स्वस्थ रहें, उनका दीर्घायु जीवन हो और वह इसी तरह निरंतर जनता की सेवा करते रहें। साथ ही जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की पूरे देश में उन्नति हो और पार्टी का विस्तार हो, इसके लिए भी प्रार्थना करेगा।अयोध्या से वापस आकर वह मां चमुंडा धाम में प्रसाद चढ़ाएगा। इसके बाद दौड़ते हुए ही कुंडा स्थित राजभवन बेंती पहुंचेगा और पहली बार राजा भइया से आमने-सामने मुलाकात करेगा। इस दौरान वह रामलला का प्रसाद राजा भइया को देगा और उनका आशीर्वाद लेगा।आदित्य की योजना सिर्फ इस यात्रा तक नहीं है। उसने बताया कि राजा भइया से मिलकर, उनका आशीर्वाद लेकर वह पूरे देश की धार्मिक यात्रा का संकल्प लेगा। मार्च-अप्रैल के बाद मां चमुंडा धाम से ही पूरे भारत की दौड़ यात्रा शुरू करेगा। इस दौरान बारह ज्योतिर्लिंग, चारों धाम और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेगा। हर जगह वह राजा भइया के दीर्घायु, उन पर ईश्वर की कृपा, उनके निरंतर जनसेवा में लगे रहने और पार्टी के पूरे देश में विस्तार के लिए प्रार्थना करेगा।क्षेत्र के लोगों में भी आदित्य के इस संकल्प को लेकर उत्साह है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि आज के दौर में जब युवा दूसरी दिशा में जा रहे हैं, ऐसे में नौकरी करते हुए भी किसी युवा का श्रद्धा और संकल्प के साथ इतनी लंबी यात्रा करना दूसरों के लिए प्रेरणा देने वाला है। लोगों ने प्रभु राम से प्रार्थना की आदित्य की यह यात्रा सकुशल पूरी हो