
विष्णु सिकरवार
आगरा। कागारौल थाना क्षेत्र में चोरों का गिरोह सक्रिय है जो आये दिन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। लगातार हो रही चोरियां इलाकाई पुलिस के लिए सर दर्द बन बैठी है। वही थानाक्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय का माहोल बना हुआ है। कप्तान सिंह पुत्र जानकी प्रसाद निवासी चीतपुर में अज्ञात चोर दीवाल कूद कर घर में प्रवेश कर गए और घर में रखी अलमारी से सोने चांदी के आभूषण सोने की चैन मंगलसूत्र पायल व लगभग 25000 की नगदी निकाल ले गए। खटपट की आवाज होने पर कप्तान सिंह की पुत्रवधू जाग गई। घर में चोरों को देख उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुन परिजन जाग गए तब तक चोर माल समेत कर फरार हो गए। दूसरी चोरी श्यामवीर पुत्र घमंडी निवासी चितपुर थाना कागारौल के घर मे हुई। रात लगभग 1:30 बजे अज्ञात चोर श्यामवीर के घर में घुस गए। चोर घर से सोने चांदी के आभूषण के साथ लगभग 22500 रुपए की नगदी निकाल ले गए। चोर घर से एक बक्सा भी साथ में ले गए जो घर से कुछ दूरी पर खुला हुआ मिला जिसके अंदर से सामान गायब मिला। श्यामवीर की पत्नी लघु शंका के लिए जागी तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। रात में ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई और घटनास्थल का निरिक्षण किया। विगत दिनों तीन मई की रात को भी थाना क्षेत्र के गांव विश्रामपुर में अज्ञात चोरों ने प्रताप सिंह पुत्र अंतराम व गोविंद कुमार पुत्र वेद प्रकाश शर्मा के घरों के ताले चटका दिए थे और घर में रखे लाखों के सोने चांदी के आभूषण सहित नगदी निकाल ले गए थे। थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में रोष नजर आ रहा है और पुलिस के रात्रि गस्त पर सवाल उठा रहें हैं।थानाध्यक्ष कागारौल राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है पुलिस मामले की जांच कर रही है आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।