
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी पुलिया, घटिया निर्माण से बड़े हादसे को न्योता
महमूदाबाद (सीतापुर)। जनपद के महमूदाबाद नगर पालिका परिषद के विकास कार्यों पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। मोहल्ला इमलिया तिलकापुर के तिलकापुर-सलाउद्दीनपुर मार्ग पर हाल ही में बनाई गई एक नई पुलिया भ्रष्टाचार और भारी लापरवाही की गवाही दे रही है। इस बाबत भाजपा नगर उपाध्यक्ष विपिन कुमार ने उप जिलाधिकारी को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता विपिन कुमार के अनुसार, यह मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों के लिए आवागमन का मुख्य जरिया है। नगर पालिका द्वारा इस मार्ग पर निर्मित पुलिया बेहद घटिया सामग्री से बनाई गई है, जो सीधे तौर पर सरकारी धन के दुरुपयोग और प्रशासनिक शिथिलता को दर्शाती है, निर्माण कार्य में इस्तेमाल किए गए सीमेंट, मौरंग और ईंटों की गुणवत्ता अत्यंत खराब है। साथ ही, सरिया और कंक्रीट के निर्धारित अनुपात का बिल्कुल भी पालन नहीं किया गया है।
पुलिया इतनी कमजोर है कि भारी वाहनों और आम जनता का दबाव झेलने में सक्षम नहीं है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यदि समय रहते इसे दुरुस्त नहीं किया गया, तो यह जल्द ही क्षतिग्रस्त होकर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, जनता के टैक्स से प्राप्त सरकारी धन का इस तरह से बंदरबांट होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
उच्च स्तरीय जांच की मांग महमूदाबाद नगर के भाजपा उपाध्यक्ष
विपिन कुमार ने उप जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पीडब्ल्यूडी या ग्रामीण अभियंत्रण विभाग जैसी तकनीकी टीम से पुलिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।