
मुख्यमंत्री योगी से पूर्व विधायक धीरज ओझा की मुलाकात, रानीगंज के औद्योगिक क्षेत्र और माँ बाराही कॉरिडोर को मिली नई उम्मीद
प्रतापगढ़। रानीगंज के पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने गुरुवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास (5, कालिदास मार्ग) पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने रानीगंज विधानसभा के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। भेंट के दौरान धीरज ओझा ने संसारपुर में निर्माणाधीन औद्योगिक क्षेत्र के लिए रुकी हुई धनराशि जल्द जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से रानीगंज क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मांग पर सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि रुकी हुई धनराशि शीघ्र जारी कर निर्माण कार्य को तेज किया जाएगा। इसके साथ ही धीरज ओझा ने क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माँ बाराही धाम को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल करने के उद्देश्य से माँ बाराही कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय विकास को नई दिशा मिलेगी। मुलाकात के बाद पूर्व विधायक धीरज ओझा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन का नया अध्याय लिख रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन से रानीगंज विधानसभा में भी विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। धीरज ओझा ने कहा, “जनसेवा मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रानीगंज के हर गांव, हर परिवार और हर युवा तक विकास की रोशनी पहुँचाना ही मेरा संकल्प है। मुख्यमंत्री जी का सकारात्मक आश्वासन क्षेत्र के विकास के लिए बेहद उत्साहजनक है।