नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश की नई स्टार्टअप नीति की शुरुआत की। प्रधानमंत्री मोदी ने आनलाइन माध्यम से इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में कार्यक्रम को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश में जितनी प्रोएक्टिव स्टार्टअप नीति है, उतना ही परिश्रमी स्टार्टअप नेतृत्व भी है। इसलिए देश एक नई युवा ऊर्जा के साथ विकास को गति दे रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा- आज मध्य प्रदेश में स्टार्टअप पोर्टल और आई-हब इंदौर का शुभारंभ हुआ है। मध्य प्रदेश की स्टार्टअप नीति के तहत स्टार्टअप और इन्क्युबेटर को वित्तीय सहायता दी गई है। साल 2014 में देश में 300 से 400 आस-पास स्टार्टअप हुआ करते थे। आज 8 वर्ष के छोटे से कालखंड में भारत में स्टार्टअप की दुनिया ही बदल चुकी है। आज हमारे देश में करीब 70 हजार स्टार्टअप्स हैं। आज भारत में दुनिया का सबसे बड़ा स्टार्टअप्स इकोसिस्टम है।