
अम्बेडकरनगर में पीआरडी जवानों की बढ़ीं मुश्किलें, डीएम से लगाई गुहार
दूर ड्यूटी, लंबित भत्ते और रात्रि ड्यूटी को लेकर जताई चिंता
नैमिष टुडे/ संवाददाता
अम्बेडकरनगर। पीआरडी जवानों ने ड्यूटी आवंटन में अनियमितता, लंबित भत्तों के भुगतान और पीएम श्री विद्यालयों में रात्रि ड्यूटी को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया। जवानों ने अप्रैल 2026 से ड्यूटी आवंटन में आ रही समस्याओं की जांच कराकर समाधान की मांग की है।
जवानों का आरोप है कि कई कर्मियों की ड्यूटी उनके विकासखंड से 70 से 80 किलोमीटर दूर तक लगाई जा रही है। इससे आने-जाने में समय के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है। वहीं, ड्यूटी भत्ते के भुगतान में भी देरी की शिकायत की गई है। जवानों के अनुसार करीब साढ़े पांच माह बाद उन्हें ड्यूटी भत्ता मिल सका।
*रात्रि ड्यूटी में सुरक्षा का मुद्दा*
पीआरडी जवानों ने पीएम श्री विद्यालयों में रात्रि ड्यूटी को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि कई विद्यालयों में रात के समय केवल एक जवान की ड्यूटी लगाई जाती है। इनमें महिला जवान भी शामिल हैं। जवानों ने किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
जवानों का कहना है कि 25 जून 2026 को पीएम श्री विद्यालयों की ड्यूटी बीच में समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद 15 जुलाई तक दोबारा ड्यूटी नहीं लगाई गई। इससे करीब चार लाख रुपये के ड्यूटी भत्ते के नुकसान का दावा किया गया है। अक्टूबर में पीएम श्री और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में ड्यूटी नहीं मिलने से कई जवानों के ड्यूटी से वंचित रहने की बात भी कही गई है।
वर्षों से लंबित भुगतान का भी उठाया मुद्दा
जवानों ने दूरसंचार विभाग में पूर्व में की गई ड्यूटी के भुगतान का मामला भी उठाया। आरोप है कि बीएसएनएल की ओर से ड्यूटी भत्ते की राशि जिला युवा कल्याण अधिकारी के विभागीय खाते में भेजे जाने के बावजूद कई जवानों को अब तक भुगतान नहीं मिला है।
पीआरडी जवानों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर लंबित भत्तों का भुगतान, ड्यूटी आवंटन में पारदर्शिता और ड्यूटी से वंचित जवानों को जल्द काम उपलब्ध कराने की मांग की है।