
वन विभाग के पिंजरे फेल, बाघिन के डर से खेतों में नहीं जा रहे किसान और मजदूर
नैमिष टुडे संवाददाता
संदना सीतापुर।
संदना इलाके में किसान कमल किशोर की मौत के 127 दिन बीत जाने के बाद भी बाघिन वन विभाग की पकड़ से बाहर है। बुधवार को धवरपारा व कोडरी के जंगल में उसके पगचिह्न मिले हैं। वहीं दूसरी तरफ, गुरुवार को मधवापुर और गेंधारिया पट्टी में भी पगचिह्न मिलने की बात ग्रामीणों ने बताई है। बाघिन करीब 10 किलोमीटर के दायरे में लगातार घूम रही है, जिससे आसपास के लगभग 30 गांवों की 25 हजार आबादी में दहशत का माहौल है।
बीती 15 जुलाई को रसूलवा के पास खेत में काम कर रहे किसान कमल किशोर पर बाघिन ने हमला कर दिया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही वन विभाग की टीमें इलाके में बाघिन की तलाश कर रही हैं। उसे पकड़ने के लिए कई जगह पिंजरे लगाए गए और शिकार के लिए पड़वे भी बांधे गए। इसके बावजूद वन विभाग को अब तक सफलता नहीं मिली है, जबकि इस दौरान बाघिन तीन पड़वों को अपना शिकार बना चुकी है।
बाघिन की मौजूदगी के डर से इलाके में खेती-किसानी का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इन दिनों गेहूं और सरसों की बुवाई का समय चल रहा है, वहीं चीनी मिलें शुरू होने के बाद गन्ने की छिलाई भी तेज हो गई है। लेकिन बाघिन के खौफ के कारण किसान और मजदूर खेतों में जाने से कतरा रहे हैं।
• किसान रामऔतार के मुताबिक, बाघिन के डर से मजदूर गन्ने की छिलाई करने को तैयार नहीं हैं, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
• किसान मुंशी ने बताया कि कुछ दिन पहले जब वह अन्य किसानों के साथ खेत में काम कर रहे थे, तभी एक ऑटो चालक ने रसूलवा के पास नाले में जंगली जानवर दिखने की सूचना दी। किसानों के तलाश करने पर जानवर गन्ने के खेतों की ओर भाग निकला।
रेंजर सिकंदर सिंह ने बताया कि धवरपारा, कोडरी और मधवापुर के जंगल में बाघिन के पगचिह्न मिले हैं। बाघिन को पकड़ने के लिए इलाके में दो पिंजरे लगाए गए हैं—पहला घटनास्थल के पास और दूसरा इमली पुरवा स्थित नंदिनी गोशाला के नजदीक। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीमें लगातार कांबिंग और निगरानी कर रही हैं।