
अटरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गुम हुए 10 मोबाइल बरामद कर स्वामियों को लौटाए
अटरिया/सीतापुर। थाना अटरिया पुलिस टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर 10 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.44 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी और क्षेत्राधिकारी सिधौली के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी अटरिया लाल बहादुर मिश्र के कुशल नेतृत्व में कंप्यूटर ऑपरेटर विनय कुमार, आरक्षी दीपेंद्र नारायण, आरक्षी परवेज कुमार एवं मो. आर. मोनी की टीम ने तकनीकी माध्यम से मोबाइलों की तलाश कर उन्हें बरामद किया।
पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल अलग-अलग स्थानों के लोगों के थे। इनमें ओप्पो, टेक्नो, वनप्लस, मोटोरोला, रेडमी, इनफिनिक्स और रियलमी सहित विभिन्न कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। इनमें से कई मोबाइल अटरिया थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर, जसापुर, टिकौली, गुलरिया, हिरापुर, कोड़रिया और हैदरपुर आदि गांवों के लोगों के बताए गए हैं, जबकि कुछ मोबाइल अन्य थाना क्षेत्रों से संबंधित हैं।
पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइलों की तकनीकी जानकारी जुटाकर उनका पता लगाया और बरामदगी की कार्रवाई पूरी की। मोबाइल वापस मिलने पर उनके स्वामियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने अटरिया पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस का आभार जताया।
थाना पुलिस ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने में सूचना देने के साथ CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे पुलिस द्वारा तकनीकी माध्यम से मोबाइल की बरामदगी की कार्रवाई की जा सके।