
गांव के विकास के लिए जनसहयोग जरूरी : डॉ. प्रमोद शुक्ल
लालगंज। लक्ष्मणपुर विकासखंड के पौराणिक एवं ऐतिहासिक गांव हंडौर में स्टेट माई विजिट एवं पर्यटन विभाग की रूरल ग्राम गंगे परियोजना के तहत बैठक आयोजित की गई। पंचायत भवन में हुई बैठक में परियोजना के फील्ड अफसर डॉ. प्रमोद शुक्ल ने ग्रामीणों को पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। डॉ. प्रमोद शुक्ल ने कहा कि गांव के समग्र विकास के लिए सरकारी प्रयासों के साथ जनसहयोग भी जरूरी है। गांव में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के लिए ग्रामीणों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि गांव में पर्यटकों के ठहरने के लिए चयनित होम स्टे में आवश्यक सुविधाओं को पूरा किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।बैठक में राजकुमार दुबे ने पौराणिक महारानी हिडिम्बा स्थल की साफ-सफाई पर जोर दिया। ग्राम प्रधान नितेश सिंह ने गांव में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अरविन्द दुबे ने कहा कि गांव की ऐतिहासिक और पौराणिक विरासत को संरक्षित करते हुए पर्यटकों को उससे जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए। इस दौरान अनुराग उपाध्याय डीसी प्रयागराज, समीर त्रिपाठी डीसी प्रतापगढ़, कन्दर्प नारायण त्रिपाठी, गुलाब मिश्र, शमशाद आदि मौजूद रहे।