
स्कूल के पेड़ काटने के मामले में वन विभाग की कार्रवाई, 16 हजार रुपये का जुर्माना
नीम के पेड़ काटकर ले जाने के मामले में दो लोगों के नाम दर्ज, बाउंड्रीवाल नहीं होने से विद्यालय की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
कुंडा/प्रतापगढ़। बाबागंज ब्लॉक के महेशगंज थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय डिहवा जलालपुर परिसर में सरकारी भूमि पर लगे पेड़ काटकर ले जाने के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई की है। विभागीय कार्रवाई में 16 हजार रुपये प्रतिकार शमन के रूप में वसूल किए गए हैं। मामले में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक आशीष कुमार मौर्य ने खंड शिक्षा अधिकारी बाबागंज को शिकायती पत्र देकर बताया था कि छह सितंबर को विद्यालय की भूमि पर स्थित पेड़ों को कुछ लोगों द्वारा काटकर उठा ले जाया गया। विद्यालय में बाउंड्रीवाल नहीं होने के कारण उन्होंने परिसर और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा पर भी सवाल उठाते हुए जांच तथा बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग की थी।
वन विभाग की टीम ने की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने के बाद वन एवं वन्य जीव प्रभाग प्रतापगढ़ के अधिकारियों तथा क्षेत्रीय वनाधिकारी कालाकांकर रेंज की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।विभागीय रसीद संख्या 21259 दिनांक 7 सितंबर 2026 के अनुसार आरसी संख्या 10/KH/2026-27 के तहत प्रतिकार शमन के रूप में 16,000 रुपये की वसूली की गई है।
वन विभाग की रसीद में मो. फैजान पुत्र मो. असलम निवासी डिहवा जलालपुर, थाना महेशगंज तथा संजय सरोज पुत्र रामखेलावन सरोज के नाम दर्ज हैं।
पहले सामने आया था दो हरे नीम के पेड़ काटने का मामला
विद्यालय खुलने पर परिसर में लगे नीम के दो हरे पेड़ गायब मिले थे। मौके पर पेड़ों के कटे हुए अवशेष मिलने के बाद प्रधानाध्यापक ने मामले की जानकारी पुलिस और शिक्षा विभाग को दी थी। घटना के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी थी।अब वन विभाग की कार्रवाई के बाद मामले में 16 हजार रुपये की वसूली हो चुकी है। हालांकि विद्यालय परिसर से काटे गए दोनों पेड़ों के मामले में पुलिस स्तर पर क्या कार्रवाई हुई और पेड़ काटने वालों के खिलाफ अन्य कोई कानूनी कार्रवाई की गई है या नहीं, यह भी स्पष्ट होना बाकी है।बाउंड्रीवाल का इंतजार, सरकारी संपत्ति की सुरक्षा पर सवाल विद्यालय परिसर में बाउंड्रीवाल नहीं होने का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब विद्यालय परिसर में लगे पेड़ सुरक्षित नहीं हैं तो स्कूल की जमीन और अन्य सरकारी संपत्ति की सुरक्षा कैसे होगी।ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में जल्द बाउंड्रीवाल निर्माण कराने के साथ ही पेड़ कटान की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।