
डाकघर में खड़ा पकरिया का पेड़ गिरने से मछरेहटा मार्ग रहा जाम, बिजली आपूर्ति भी बंद
मिश्रित सीतापुर / तहसील चौराहा से मछरेहटा मार्ग और बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते पर डाकघर के अंदर खड़ा पकरिया का पेड़ शनिवार रात करीब 12 बजे अचानक गिर गया। पेड़ के सड़क पर गिरने से पूरा मार्ग बाधित हो गया। इसके साथ ही बिजली के खंभों पर लगे तार भी टूटकर नीचे गिर गए जिससे आसपास के कई लोगों के बिजली कनेक्शन प्रभावित हो गए और रात से विद्युत आपूर्ति बाधित है।शनिवार को 15 अगस्त होने के कारण रविवार सुबह स्कूली बच्चों एवं अन्य राहगीरों को रास्ते से निकलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पेड़ गिरने की सूचना वन विभाग को दी गई। वहीं, नगर पालिका मिश्रित इसी मार्ग पर स्थित होने के कारण नगर पालिका से ट्रैक्टर मंगाकर सड़क से पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया गया । नगर पालिका की ओर से सड़क का करीब आधा हिस्सा साफ कराकर आवागमन बहाल किया गया । पेड़ गिरने से बिजली के खंभों और तारों को नुकसान पहुंचने के कारण आसपास के घरों की बिजली भी गुल रही ।