जिलाधिकारी मनीष बंसल ने देश के अमर शहीदों को किया नमन,वीरांगना सम्मान समारोह में शहीदों की वीरांगनाओं को किया सम्मानित

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने देश के अमर शहीदों को किया नमन,वीरांगना सम्मान समारोह में शहीदों की वीरांगनाओं को किया सम्मानित

 

शहीदों का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर, वीरांगनाओं और शहीद परिवारों का सम्मान राष्ट्र के गौरव का सम्मान है — जिलाधिकारी

विष्णु सिकरवार
आगरा। गुरुवार को राव कृष्णपाल सिंह ऑडिटोरियम, खंदारी में आयोजित ‘मां तुझे प्रणाम’ कार्यक्रम के वीरांगना सम्मान समारोह में जिलाधिकारी मनीष बंसल एवं पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने देश की रक्षा एवं सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों की वीरांगनाओं एवं शहीद परिवारों को सम्मानित किया। शहीदों की वीरगाथाओं का स्मरण होते ही समारोह का वातावरण भावुक हो उठा और उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शहीदों की पत्नियों/ वीरांगना तथा उनके परिवारीजनों को जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त ने अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति चिह्न प्रदान कर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि देश की रक्षा और सेवा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करना हम सभी के लिए गौरव का विषय है। सैनिक कठिन से कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा एवं अदम्य साहस के साथ निभाते हैं। उनके शौर्य और बलिदान ने सदैव देश का गौरव बढ़ाया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वीर केवल वे नहीं हैं, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए, बल्कि उनके परिवार भी उतने ही वीर हैं। वीर जवानों के पीछे उनके परिवार का विश्वास, सहयोग और त्याग उनकी शक्ति बनता है। शहीद परिवारों की माताओं, पत्नियों, बच्चों और पिता ने भी अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्य और गौरव को सर्वोच्च स्थान दिया है।
उन्होंने कहा कि आज सम्मानित वीरांगनाओं और शहीद परिवारों का संघर्ष केवल अपने प्रियजन को खोने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसके बाद के जीवन में भी उन्होंने अनेक कठिनाइयों का सामना साहस और धैर्य के साथ किया। उनका त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण भी देश के लिए महान योगदान है।
जिलाधिकारी ने सभी वीर शहीदों को शत-शत नमन करते हुए शहीद परिवारों के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सदैव शहीद परिवारों के साथ खड़ा है और उनकी किसी भी समस्या के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीरांगनाओं की सेवा और सहायता करना प्रशासन के लिए सम्मान की बात है।
गौरतलब है कि समाचार पत्र अमर उजाला के तत्वावधान में ‘मां तुझे प्रणाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अंबरीश पाल सिंह, स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह, श्रीमती रंजना बंसल, डॉ आयुषी बंसल, कर्नल आरएस सोढ़ी,कंवलजीत बख्शी सहित शहीदों के परिवारीजन एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें