हंडौर-डीह संपर्क मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों में आक्रोश, मुख्यमंत्री से सड़क मरम्मत और पूर्व शिकायतों की जांच की मांग

हंडौर-डीह संपर्क मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों में आक्रोश, मुख्यमंत्री से सड़क मरम्मत और पूर्व शिकायतों की जांच की मांग

प्रतापगढ़। विकासखंड लक्ष्मणपुर की ग्राम सभा हंडौर-डीह में जहीर मार्केट से सुन्नी जामा मस्जिद हंडौर-डीह तक हंडौर-डाड़ी संपर्क मार्ग का लगभग एक किलोमीटर हिस्सा लंबे समय से बेहद जर्जर एवं खस्ताहाल होने के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आमजन के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों एवं ग्राम प्रधान द्वारा संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराए जाने के बावजूद धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई न होने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और कार्यवाही केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों, छोटे-छोटे बच्चों, विद्यार्थियों, बाइक एवं साइकिल सवारों तथा अन्य वाहनों का आवागमन इसी मार्ग से होता है, जिसके चलते जर्जर सड़क पर हादसे का खतरा बना रहता है। बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि यह संपर्क मार्ग कई प्रमुख राजमार्गों को जोड़ता है, जिससे इसका महत्व और अधिक बढ़ जाता है। सड़क की समस्या को लेकर समस्त ग्रामवासियों की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर जहीर मार्केट से सुन्नी जामा मस्जिद तक के लगभग एक किलोमीटर हिस्से का स्थलीय निरीक्षण कराकर तत्काल गुणवत्तापूर्ण मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई है। साथ ही पूर्व में की गई शिकायतों पर संबंधित विभाग द्वारा की गई कागजी एवं जमीनी कार्यवाही की निष्पक्ष जांच, किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा लापरवाही अथवा गलत रिपोर्ट पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई तथा संभावित बड़े हादसे को रोकने के लिए तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मामले को जनहित एवं आमजन की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय मानते हुए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने और की गई कार्रवाई से ग्रामीणों को अवगत कराने की मांग की है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें