हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत जनपद में होंगे विविध देशभक्ति कार्यक्रम

हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत जनपद में होंगे विविध देशभक्ति कार्यक्रम

06 से 15 अगस्त तक तीन चरणों में होंगे तिरंगा महोत्सव, रैलियां, तिरंगा मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस पर निकलेगी तिरंगा रैली, शहीदों के परिजनों एवं पूर्व सैनिकों का होगा सम्मान

विष्णु सिकरवार
आगरा। सोमवार को शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विभिन्न चरणों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में तिरंगा आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के प्रथम चरण में 06 से 08 अगस्त 2026 तक विद्यालयों की दीवारों एवं परिसरों को तिरंगा प्रेरित कलाकृतियों से सजाने, तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा विभिन्न सार्वजनिक एवं प्रमुख स्थलों पर ‘हर घर तिरंगा’ प्रदर्शनी के प्रदर्शन की कार्यवाही की जाएगी। विद्यार्थियों द्वारा सैनिकों एवं पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आभार पत्र भी भेजे जाएंगे। स्थानीय बाजारों में तिरंगा एवं तिरंगा संबंधी वस्तुओं की बिक्री को प्रोत्साहित करने के साथ ही तिरंगा प्रकाश एवं सजावट की जाएगी। स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों, शहीद स्थलों, स्मारकों एवं मूर्तियों की साफ-सफाई एवं रंगाई-पुताई भी कराई जाएगी।
अभियान के द्वितीय चरण में 09 से 12 अगस्त 2026 तक विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों में स्वतंत्रता आंदोलन आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान ‘तिरंगा महोत्सव’, ‘तिरंगा मेला’ एवं ‘तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट’ जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा मेले में स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमों द्वारा निर्मित उत्पादों तथा तिरंगा थीम पर आधारित खाद्य सामग्री, परिधान, वस्त्र एवं अन्य सामग्री की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जाएगी। प्रसिद्ध एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
अभियान के तृतीय चरण में 13 से 15 अगस्त 2026 तक घरों, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा शहीद एवं अमृत सरोवरों आदि पर ध्वजारोहण एवं तिरंगा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा अभियान की वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की तिरंगा रैली निकाली जाएगी। रैली में राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम एवं ‘वंदे मातरम्’ का गायन होगा। विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा खो-खो, कबड्डी आदि खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों, निराश्रित आश्रमों, दिव्यांग आश्रमों एवं अन्य बाल संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित कर मिठाई वितरण किया जाएगा।
ग्राम पंचायतों एवं पंचायत सचिवालयों में भी तिरंगा फहराया जाएगा तथा अमृत सरोवरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी एवं गैर सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों तथा औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की जाएगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों तथा पूर्व सैनिकों को कार्यक्रमों में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
अभियान के तहत तिरंगा बाइक रैली एवं तिरंगा रैलियों का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें पुलिस, अर्धसैनिक बल, एनसीसी, एनएसएस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, खेल विभाग, नेहरू युवा केंद्र, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल तथा अन्य स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली इन रैलियों में स्कूली बच्चों, युवाओं तथा समाज के सभी वर्गों की भागीदारी रहेगी।
शासन द्वारा नागरिकों को ‘झंडा संहिता’ एवं राष्ट्रीय ध्वज फहराने के सही तरीकों के संबंध में जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने की अपील की गई है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें