
नहर पुलिया के पास 8 देशी सुतली बम के साथ दो युवक गिरफ्तार
कुंडा/प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबगंज पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 8 देशी सुतली बम के साथ गिरफ्तार किया। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बरामद विस्फोटकों को मौके पर ही पानी में डालकर निष्क्रिय कर सुरक्षित निस्तारित किया गया।पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैस के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजनारायण सिंह, उपनिरीक्षक अकील अहमद, आरक्षी रजनीश प्रजापति, आरक्षी कृष्ण कुमार और चालक हेड कांस्टेबल इन्द्रजीत संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के नान्हू का पुरवा नहर पुलिया, परियावां के पास दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया गया।तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 8 देशी सुतली बम बरामद हुए। इस संबंध में थाना नवाबगंज में मु0अ0सं0 121/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 4/5 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सलमान अहमद (22 वर्ष) पुत्र जसीम अहमद निवासी मुरस्सापुर तथा सोनू उर्फ विख्यात साहू (20 वर्ष) पुत्र रामकिशन साहू निवासी इब्राहिमपुर, थाना नवाबगंज, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।