
बिसवाँ के निजी अस्पतालों पर उठे सवाल, निरीक्षण में MBBS डॉक्टर न मिलने का आरोप; जांच की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से नियमित निरीक्षण और मानकों की जांच कर कार्रवाई की मांग की
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
बिसवाँ (सीतापुर)। बिसवाँ कस्बे के मधवापुर चौराहे के निकट स्थित पब्लिक हॉस्पिटल की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय स्तर पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रीय संवाददाता द्वारा मौके पर जानकारी लेने के दौरान आरोप लगाया गया कि निरीक्षण के समय अस्पताल में कोई भी एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। इसको लेकर क्षेत्रवासियों ने अस्पताल की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी गंभीर मरीज को आपात स्थिति में अस्पताल लाया जाए और वहां योग्य चिकित्सक उपलब्ध न हो, तो मरीज की जान जोखिम में पड़ सकती है। उनका आरोप है कि कुछ निजी अस्पतालों में डॉक्टरों के नाम और डिग्रियां तो प्रदर्शित की जाती हैं, लेकिन संबंधित चिकित्सक हर समय अस्पताल में मौजूद नहीं रहते, जिससे मरीजों को समय पर उचित उपचार मिलने पर सवाल खड़े होते हैं।
क्षेत्रवासियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि पब्लिक हॉस्पिटल सहित बिसवाँ क्षेत्र के सभी निजी अस्पतालों का नियमित एवं औचक निरीक्षण कराया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि अस्पतालों में निर्धारित मानकों के अनुरूप योग्य चिकित्सक, प्रशिक्षित स्टाफ तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अस्पतालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी अभी तक मामले की पुष्टि या जांच की घोषणा नहीं की गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित अधिकारी इन शिकायतों का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराते हैं या नहीं।