
बदलापुर में पूर्व विधायक ओमप्रकाश उर्फ बाबा दुबे ने ‘जन विश्वास पदयात्रा’ का किया शुभारंभ, 45 दिनों तक गांव-गांव पहुंचकर सुनेंगे जनता की समस्याएं
नैमिष टुडे /ब्यूरो, जौनपुर
जौनपुर जनपद के बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को पूर्व विधायक ओमप्रकाश उर्फ बाबा दुबे ने करशूलनाथ धाम में भगवान रुद्र के आशीर्वाद एवं 300 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा संपन्न महा रुद्राभिषेक के उपरांत ‘जन विश्वास पदयात्रा’ का शुभारंभ किया। महाप्रसाद वितरण के बाद प्रारंभ हुई यह पदयात्रा लगभग 45 दिनों तक विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव और घर-घर पहुंचेगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ओमप्रकाश बाबा दुबे ने कहा कि जन विश्वास पदयात्रा का उद्देश्य बदलापुर विधानसभा के प्रत्येक गांव, प्रत्येक परिवार और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचकर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को सुनना है। उन्होंने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास, संवाद और जवाबदेही को मजबूत करना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि जनता से प्राप्त सुझावों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई, महिला सुरक्षा, रोजगार, कौशल विकास तथा युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विकास का व्यापक रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के उस अंतिम व्यक्ति की आवाज को भी प्राथमिकता दी जाएगी, जिसकी बातें अक्सर व्यवस्था तक नहीं पहुंच पाती हैं।
बाबा दुबे ने कहा कि जाति, धर्म, वर्ग और दल से ऊपर उठकर पूरे बदलापुर को एक परिवार मानते हुए सभी को साथ लेकर चलने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने युवाओं को क्षेत्र का भविष्य बताते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, डिजिटल शिक्षा, खेल, स्वरोजगार और कौशल विकास जैसे विषयों पर युवाओं से सुझाव लेकर ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान प्राप्त प्रत्येक सुझाव को संकलित किया जाएगा ताकि भविष्य की विकास योजनाएं जनता की प्राथमिकताओं के अनुरूप तैयार की जा सकें। उनका मानना है कि विकास तभी सार्थक है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इस दौरान पूर्व विधायक ने करशूलनाथ धाम में विकास कार्यों को लेकर वर्तमान विधायक पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के विकास के नाम पर दो करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी धनराशि खर्च दिखाई गई, जबकि धरातल पर लगभग 20 लाख रुपये के ही कार्य दिखाई देते हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि “ईश्वर सबको देता है, लेकिन आज के समय में लोग ईश्वर के नाम पर होने वाले विकास कार्यों में भी भ्रष्टाचार करने से नहीं चूक रहे हैं।” उन्होंने कहा कि समय आने पर वर्तमान विधायक को जनता के सामने इसका हिसाब देना होगा।
कार्यक्रम में बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जन विश्वास पदयात्रा को अपना समर्थन दिया। आयोजकों के अनुसार यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बदलापुर के विश्वास, विकास और स्वाभिमान का जनसंकल्प है।