
गुरुओं के सहयोग से शिक्षक बने, अब गरीब बच्चों को निःशुल्क पढ़ा रहे राकेश यादव
कुंडा/प्रतापगढ़। सराय कीरत भदरी क्षेत्र के शिक्षामित्र राकेश यादव ने कहा कि उनके जीवन में अनेक शिक्षकों और समाज के लोगों के सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि आज वह उसी सहयोग का ऋण चुकाने के लिए गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को अपने खर्च पर शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं।राकेश यादव ने बताया कि बचपन से ही उन्हें कई शिक्षकों का मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि विद्याधर तिवारी, आत्माराम त्रिपाठी, परशुराम त्रिपाठी और जगदीश नारायण त्रिपाठी सहित अनेक लोगों ने उनकी पढ़ाई में सहयोग किया। उनके मार्गदर्शन में उन्होंने इंटरमीडिएट की परीक्षा जनपद में प्रथम स्थान के साथ उत्तीर्ण की। बाद में आर्थिक कठिनाइयों के बीच उन्हें शिवशंकर शुक्ला का सहयोग मिला और शिक्षामित्र बनने के बाद भी कई लोगों का स्नेह एवं मार्गदर्शन मिलता रहा।राकेश यादव ने कहा कि ब्राह्मण और क्षत्रिय समाज के लोगों ने बिना किसी भेदभाव के उनका साथ दिया। उनके अनुसार, यही अनुभव उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है। वर्तमान में वह जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने के साथ सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता फैलाने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से मिली सफलता को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंदों की सहायता करना ही उनके जीवन का उद्देश्य है। साथ ही उन्होंने सभी वर्गों से सामाजिक सद्भाव और शिक्षा के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने का आह्वान किया।