
बिसवां तहसील में कांग्रेस का केंद्र सरकार पर तीखा हमला, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज
क्रमिक अनशन को कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान का समर्थन, छात्रों पर लाठीचार्ज का लगाया आरोप
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
*बिसवां (सीतापुर)*। बिसवां तहसील परिसर में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे क्रमिक अनशन को मंगलवार को कांग्रेस पार्टी का समर्थन मिला। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान ने अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाया और केंद्र सरकार तथा भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला।
प्रदीप सिंह चौहान ने कहा कि देश के छात्र-छात्राओं की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप था कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय बल प्रयोग का रास्ता अपना रही है।
उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन को पार्टी का समर्थन जारी रहेगा।
अनशन स्थल पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आंदोलनकारियों ने भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। आंदोलन के दौरान तहसील परिसर में राजनीतिक माहौल गर्म रहा और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।