प्राथमिक विद्यालय का मुख्य मार्ग बदहाल, जलभराव व कीचड़ से बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल

प्राथमिक विद्यालय का मुख्य मार्ग बदहाल, जलभराव व कीचड़ से बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल

नैमिष टुडे – अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद (सीतापुर)। तहसील क्षेत्र के ग्राम अतरौली सिहारू खेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय का मुख्य मार्ग बदहाल होने से छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर जलभराव, कीचड़ और गंदगी फैली होने के कारण बच्चों का विद्यालय पहुंचना दूभर हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दौरान सड़क पर पानी भर जाने और कीचड़ फैलने से आए दिन बच्चों की स्कूल यूनिफॉर्म खराब हो जाती है। वहीं फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। विद्यालय आने-जाने वाले शिक्षकों और ग्रामीणों को भी इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर लंबे समय से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से विद्यालय के मुख्य मार्ग की तत्काल साफ-सफाई कराने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क की मरम्मत कर उसे आवागमन योग्य बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ ग्रामीणों का आवागमन भी प्रभावित होता रहेगा।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें