
संदना थाना क्षेत्र में जंगली जानवर के हमले से किसान की मौत
जंगली जानवर के हमले से, ग्रामीणों में दहशत,
नैमिष टुडे संवाददाता
गोंदलामऊ सीतापुर
गोंदलामऊ/सन्दना/सीतापुर। संदना थाना क्षेत्र स्थित मधवापुर ग्राम पंचायत के रसुलवा गांव में बुधवार को एक व्यक्ति की अज्ञात हिंसक जानवर के हमले में मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय कमल किशोर छेदू के रूप में हुई है, जो रसूलवा के निवासी थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि कमल किशोर बुधवार को खेतों की ओर गए थे। जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव गांव के बाहर मिला। शव की स्थिति गंभीर थी, जिसमें उनका एक पैर और गर्दन बुरी तरह क्षत-विक्षत पाए गए। ग्रामीणों के अनुसार, शव को घटनास्थल से कुछ दूरी तक घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं, जिससे किसी बड़े हिंसक वन्यजीव के हमले की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यह हमला बाघ या किसी अन्य बड़े जंगली जानवर ने किया हो सकता है। हालांकि, वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की जांच के बाद ही हमले के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल जांच करने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रशासन द्वारा भी मामले की जांच की जा रही है।