
संभागीय परिवहन विभाग और परिवहन निगम द्वारा शासन के निर्देश पर संयुक्त रूप से चलाया गया विशेष अभियान
अनाधिकृत पाई गईं 39 बसों में 15 को सीज़ तथा 24 का किया चालान
विष्णु सिकरवार/नैमिष टुडे
आगरा। बुधवार को अखिल भारतीय पर्यटक परमिट (AITP) से आच्छादित बसों द्वारा नियम विरुद्ध संचालन, विशेषकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीटवार बुकिंग कराकर स्टेज कैरिज के रूप में यात्रियों का परिवहन किए जाने के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन एवं चेकिंग अभियान यमुना एक्सप्रेस-वे एवं आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर चलाया गया।
परिवहन विभाग एवं परिवहन निगम की छः टीमों द्वारा आरटीओ(प्रवर्तन) अखिलेश द्विवेदी और क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल के निर्देशन में एआरटीओ आलोक कुमार, एआरटीओ विनय कुमार, एआरटीओ अजय कुमार गुप्ता, पीटीओ आभा त्रिपाठी, विकास अस्थाना व विजय किशोर आनन्द द्वारा एआरएम के साथ संयुक्त रूप से चलाया गया अभियान।
अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि पर्यटक परमिट प्राप्त वाहन अपने परमिट की निर्धारित शर्तों एवं मोटरयान अधिनियम/नियमों के अनुरूप ही संचालित हों तथा ऐसे वाहनों द्वारा अवैध रूप से स्टेज कैरिज सेवा का संचालन न किया जाए।
अभियान के अंतर्गत परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों द्वारा जनपद आगरा के विभिन्न प्रमुख मार्गों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा यात्री वाहनों के आवागमन वाले क्षेत्रों में सघन निरीक्षण किया गया। चेकिंग के दौरान बसों के परमिट, पंजीयन प्रमाण पत्र, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, कर भुगतान, चालक के लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।
जांच के दौरान यह भी देखा गया कि अखिल भारतीय पर्यटक परमिट (AITP) से संचालित बसों द्वारा ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीटवार टिकट जारी कर यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक नियमित यात्री सेवा की भांति परिवहन तो नहीं किया जा रहा है। ऐसे मामलों में जहां परमिट की शर्तों का उल्लंघन पाया गया, वहां नियमानुसार चालान एवं अन्य प्रवर्तनात्मक कार्यवाही की गई।
अनधिकृत पाई गईं 39 बसों में 15 को सीज़ तथा 24 का चालान किया गया।
परिवहन विभाग द्वारा वाहन संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहनों का संचालन केवल स्वीकृत परमिट की शर्तों के अनुसार ही करें।
परमिट के विपरीत संचालन, यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित नियमों की अनदेखी अथवा अवैध परिवहन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुगम एवं सुरक्षित परिवहन व्यवस्था तथा यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान समय-समय पर निरंतर चलाए जाते रहेंगे।
जनपद आगरा में परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।