
अलविदा जुमा व नवरात्रि को लेकर एटा पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने संभाली कमान
एटा अलविदा जुमा की नमाज और नवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्याम नारायण सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख मस्जिदों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा इंतजामों को बारीकी से परखा। एसएसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्यौहार मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी नजर है और भ्रामक खबर या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इसके साथ ही जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैदी बरतने और अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री कीर्तिका सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ।