
एनएसएस शिविर का समापन: स्वच्छता अभियान के साथ दिया सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद, सीतापुर।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का उद्देश्य युवाओं में सामुदायिक सेवा के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना है, जिससे वे एक जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में अपनी अहम भूमिका निभा सकें। एनएसएस युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा से जोड़कर उन्हें वास्तविक जीवन के अनुभव प्रदान करता है।
उक्त विचार सीता इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय शिविर के समापन अवसर पर बन्नी स्थित श्री 1008 बाबा परमहंस मंदिर परिसर में डिप्टी चेयरमैन आंजनेय आशीष वाजपेयी ने व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस का मुख्य उद्देश्य गरीबी, अशिक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसी सामाजिक समस्याओं को समझना और उनके समाधान में सक्रिय भागीदारी निभाना है। साथ ही यह योजना एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव को भी बढ़ावा देती है।
शिविर के अंतिम दिन शुक्रवार को स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई करने के साथ आसपास फैली प्लास्टिक सामग्री को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी शिव सेवक मिश्र सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।