
पलायन पर मजबूर परिवार को हाईवे से रोक पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
देर से जागी सकरन पुलिस, कार्रवाई पर उठे सवाल
सकरन /सीतापुर थाना सकरन क्षेत्र के ग्राम दुगाना में पुलिस की कथित लापरवाही से आहत एक पीड़ित परिवार बुधवार को पलायन के लिए घर छोड़कर निकल पड़ा। परिवार जिला मुख्यालय के रास्ते प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलने जा रहा था, लेकिन दुगाना से चकलेबाबा मंदिर के बीच हाईवे पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ पीड़ित परिवार को समझा-बुझाकर वापस थाने ले गए, जहां आनन-फानन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार पिछले कई दिनों से चोरी की घटना को लेकर न्याय की गुहार लगा रहा था, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर परिवार ने घर के बाहर पोस्टर लगाकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और पलायन का निर्णय लिया। परिवार का कहना है कि लगातार अनदेखी के चलते उनका कानून से भरोसा उठ गया था, जिसके बाद वे मजबूरन यह कदम उठाने को विवश हुए। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पुलिस पहले ही सक्रियता दिखाती तो मामला इस स्थिति तक नहीं पहुंचता। फिलहाल पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद आगे की कार्रवाई जारी होने की बात कही जा रही है, लेकिन क्षेत्र में अब भी आक्रोश और असंतोष का माहौल बना हुआ है।