शराब बनी हत्या की वजह, समर बहादुर हत्याकांड में दो गिरफ्तार

शराब बनी हत्या की वजह, समर बहादुर हत्याकांड में दो गिरफ्तार

सुल्तानपुर। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के भरखरे गांव निवासी समर बहादुर पुत्र लालता प्रसाद की हत्या के मामले में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही घटना का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त आला-कत्ल भी बरामद किया है।
मामले में पहले अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की और घटना के 24 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवम सरोज पुत्र राजकुमार निवासी भरखरे तथा राजन पुत्र अशोक कुमार सरोज निवासी सूर्यभान पट्टी थाना लंभुआ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार इस घटना की जड़ में अत्यधिक शराब का सेवन और उसी दौरान हुआ विवाद बताया जा रहा है। बताया गया कि समर बहादुर शुक्रवार रात नहर के पुल पर बैठकर शराब पी रहे थे और नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दोनों आरोपी भी मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि दोनों आरोपी भी शराब के नशे में थे। इसी बात को लेकर तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि दोनों युवकों ने मिलकर समर बहादुर की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को नहर के पास फेंककर मौके से फरार हो गए थे। अगले दिन सुबह शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
शिवगढ़ थाना प्रभारी चंद्रभान वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त आला-कत्ल भी बरामद किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें