
लू और गर्मी लगातार बढ़ रही है। रविवार को भी पंजाब के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहा। मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार पंजाब में सबसे गर्म श्री मुक्तसर साहिब रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा जोकि सामान्य से चार डिग्री अधिक था। बठिंडा में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि बरनाला में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री, फिरोजपुर में अधिकतम पारा 40.7 डिग्री, पटियाला में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री रहा।
इसके अलावा अन्य जिलों में दिन का तापमान 39 से 40 डिग्री के बीच में रहा। विभाग के अनुसार सोमवार व मंगलवार को भी पंजाब में लू चलेगी। बुधवार को हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पंजाब में इस साल भीषण गर्मी देखने काे मिल रही है।