भारत विरोधी ताकतें चाहती हैं कांग्रेस का शासन: केशव प्रसाद मौर्य

 

सपा के शासन में खुलती थीं बम बनाने की फैक्ट्रियां: केशव प्रसाद मौर्य

 

पाकिस्तान के कब्जे में कश्मीर को मुक्त कराने के लिए राजकुमार को जिताकर तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का किया आह्वान

सती माता मंदिर धिमिश्री पर विशाल जनसभा को किया संबोधित

 

विष्णु सिकरवार
आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा के फतेहाबाद विधानसभा के धिमिश्री स्थित सती माता मंदिर पर भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को सुनने के लिए भारी संख्या में हुजूम उमड़ पड़ा।
बताया जाता है कि सभास्थल पर लगभग एक घंटा देरी से पहुंचे डिप्टी सीएम का उड़नखटोला जैसे ही सभास्थल पर उतरा, जोशीले जनसमूह ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, विधायक फतेहाबाद छोटेलाल वर्मा की मौजूदगी में डिप्टी सीएम को 500 मीटर का साफा पहनाया गया, विभिन्न लोगों ने गदा भेंट कर उनका सम्मान किया। केशव प्रसाद मौर्य ने अपना भाषण शुरू करते हुए कहा कि इसी सती माता का प्रताप है कि 2019 में, जब इसी धरा पर राजकुमार चाहर के समर्थन में सभा को संबोधित किया था, उसके बाद पूरे उत्तर प्रदेश में वह नंबर वन मतों से जीतकर सांसद बने थे। पुनःआया हूं तो माता भी पुनः विजयी बनाकर हमारे विजय संकल्प को सिद्ध करेंगी। उन्होंने कहा कि 2024 का यह चुनाव देश को 100 साल आगे ले जाने वाला चुनाव है। देश में पिछले दस साल में जितना विकास हुआ है, वह तो सिर्फ झांकी है, असली पिक्चर आगामी पांच साल में दिखेगी। 2024 के वर्तमान चुनाव में मोदी के नाम की सुनामी चल रही है, देश भर की माताएं बहनें स्टार प्रचारक बनकर कार्य कर रही हैं।

जवाहरलाल नेहरू ने प्रधानमंत्री बनने के लिए तुष्टिकरण के खातिर बनवाया पाकिस्तान

कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति पर घेरते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने प्रधानमंत्री बनने के लिए तुष्टिकरण की नीति को बढ़ावा दिया। देश को बंटवारे में धकेलते हुए पाकिस्तान का निर्माण करवाया। आज उसी पार्टी के राहुल गांधी भी उसी नीति पर चल रहे हैं। पाकिस्तान के नेता राहुल गांधी की सराहना करके उनके प्रधानमंत्री बनने की कामना करते हैं। देश विरोधी ताकतें कभी नहीं चाहती कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनें। उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि कांग्रेस के झांसे में कभी मत आना। कर्नाटक में इन्होंने ओबीसी का आरक्षित कोटा काटकर मुसलमानों को आरक्षण दिया है। भाजपा इसके सख्त खिलाफ है। पूरा देश कांग्रेस के खिलाफ है। उनके प्रत्याशी मैदान छोड़कर भाग रहे हैं। कांग्रेस मुक्त भारत का सपना शीघ्र ही पूरा होने वाला है।

सपा को बताया गुंडों को संरक्षण देने वाली पार्टी

जनसभा में डिप्टी सीएम पूरी रौ में आकर बोले। उन्होंने सपा पर करारे प्रहार करते हुए कहा कि वह दिन लोग आज तक नहीं भूले हैं, जब नारा प्रचलित था, जिस गाड़ी पर लगा सपा का झंडा-उस पर बैठा सत्ता का गुंडा। सपा के शासन में प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे। बमों की फैक्ट्रियां लगती थीं। गुंडे माफियाओं को पूरा संरक्षण मिलता था। आज ऐसा नहीं है। माफियाओं को जेल की हवा खानी पड़ रही है। दंगे करने वाले अपने बिलों में घुस चुके हैं। प्रदेश का माहोल बिगाड़ने की कोई सोच भी नहीं सकता।

पाकिस्तान के कब्जे में कश्मीर को मुक्त कराने के लिए राजकुमार को सांसद बनना जरूरी

डिप्टी सीएम ने सांसद प्रत्याशी राजकुमार चाहर की सराहना करते हुए कहा कि इन्होंने जमीन से जुड़कर राजनीति की है। सांसद बने तो पार्टी ने किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी दे दी। इसके बाद पूरे देश में किसानों के उत्थान के लिए कार्य किया। सती माता के मंदिर से हम सभी को संकल्प लेना होगा कि राजकुमार चाहर को पिछली बार से अधिक रिकार्ड मतों से जीत दिलानी है। जिस सती माता के आगे ब्रह्मा, विष्णु और महेश भी नतमस्तक हो जाते हैं, उसी माता के आशीर्वाद से फतेहपुर सीकरी में कमल खिलाकर राजकुमार चाहर विजयी होंगे। प्रधानमंत्री मोदी का अगला लक्ष्य पाकिस्तान के कब्जे में हमारे कश्मीर को मुक्त कराना है। राजकुमार चाहर जीतेंगे और हमारी सीटें 400 पार होंगी तो मोदी को भी मजबूती मिलेगी।

जनता के बीच बैठे सांसद, जमकर मिला आशीर्वाद

जनसभा के दौरान सांसद राजकुमार चाहर, खचाखच भरे जनसभा स्थल में जनता के बीच में जाकर बैठे। उनकी सादगी पर युवाओं से लेकर बुजुर्ग भी मुरीद दिखे। सांसद ने समस्त बुजुर्गों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

प्रधानमंत्री को बताया था कि अकबर भी पानी न होने के की वजह से भाग गया था, इसके बाद उन्होंने तुरंत दी मंजूरी: राजकुमार चाहर

सांसद प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने कहा कि बचपन से उन्होंने जिस समस्या को अपनी आंखों से देखा था। सांसद बनने के तुरंत बाद इस विषय पर कार्य करना शुरू कर दिया। पेयजल समस्या के निदान हेतु प्रधानमंत्री मोदी को जब बताया था कि फतेहपुर सीकरी में सैकड़ों सालों से पानी नहीं है। मुगल बादशाह अकबर भी अपनी राजधानी छोड़कर भाग गया था। आश्चर्यचकित हुए प्रधानमंत्री ने तत्काल प्रभाव से फतेहपुर सीकरी के लिए 4 हजार करोड़ की हर घर नल योजना मंजूर की। इससे पहले किसी कांग्रेसी सरकार ने इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई। फतेहपुर सीकरी में दूसरा महत्वपूर्ण कार्य आलू अनुसंधान केंद्र हुआ है। पूरे देश में एकमात्र शाखा हमारे यहां स्थापित हुई है। शीघ्र ही देश भर के आलू किसान हमारे यहां बीज लेने आएंगे। सांसद ने कहा कि फतेहपुर सीकरी के जो अधूरे कार्य हैं, उन्हें आगामी कार्यकाल में पूरा कराया जाएगा। आगरा में किसान भवन को मंजूरी दिलवाई जा चुकी है। पुनः बनते ही किसान भवन मूर्तरूप लेगा। युवाओं के पलायन को रोकने के लिए उद्योग स्थापना प्राथमिकता से होगी। कौशल विकास में दक्ष बनाकर प्रतिष्ठित संस्थानों में रोजगार दिलवाया जाएगा। सांसद ने जनता से कहा कि मुझे 24 घंटे आपकी सेवा में रहना है। प्रत्येक ब्लॉक और तहसील कर रहकर जनता की मौजूदगी में ही आगामी कार्यकाल की राजनीति होगी।
संचालन शिवकुमार प्रमुख एवं संतोष कटारा ने किया। जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, छोटेलाल वर्मा, पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय, पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, रामसकल गुर्जर, पूर्व विधायक डॉ राजेन्द्र सिंह, मधुसूदन शर्मा, जितेंद्र वर्मा, चेयरमैन प्रदीप भाटी, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, गंगाधर कुशवाहा, नितिन वर्मा, सोनू शर्मा, राजेश कुशवाहा, शैलू जादौन, नीलम शुक्ला, कोमल सिंह,अन्नू दुबे निषाद,राजकुमार पथिक,राजेश तोमर आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें
%d bloggers like this: