रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले, राष्ट्रीय दायित्व मिलने से क्षेत्रीय जनता को समय देना कम हो जाता है, राजकुमार चाहर अब ऐसा नहीं करेंगे

 

विष्णु सिकरवार
आगरा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को बाह के जरार मंडी मैदान पर फतेहपुर सीकरी से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने लोगों की नाराजगी को भांपते हुए कहा कि राजकुमार चाहर मेरे बहुत प्रिय लोगों में हैं। इनकी क्षमता और प्रतिभा से पार्टी प्रभावित हुई, इसलिए किसान मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व दिया। कई ऐसे दायित्व का निर्वहन मैं कर चुका हूं, इसलिए क्षेत्रीय जनता को समय देना थोड़ा मुश्किल होता जाता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।
इस दौरान रक्षा मंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दो सपने थे। एक कांग्रेस पार्टी को भंग कर देना और दूसरा गरीबी हटा देना। उन्होंने नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक को कटघरे में खड़ा किया। बोले कि कांग्रेस को जनता विलुप्त कर रही है। तो भाजपा की सरकार आवास, आयुष्मान योजना व अन्य योजनाओं के माध्यम से गरीबी को दूर कर रही है। ये भाजपा की ही देन है जो भारत आज विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है।

चुनावी सभा की शुरुआत रक्षा मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को नमन कर की। उन्होंने कहा कि अटल जी इसी धरती बटेश्वर से निकले, एक कद्दावर नेता थे। वे देश की ही नहीं बल्कि विश्व की सम्मानित शख्सियत थे।
राजनाथ सिंह ने भाजपा के घोषण पत्र पर बोलते हुए कहा कि ये वो पार्टी है, जिसने अपने घोषणा पत्र में जो कहा वह पूरा किया। उन्होंने जनता को आर्टीकल 370 हटाने का मुद्दा तो वहीं राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की उपलब्धि को भी गिनाया। विदेश नीति पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि पहले भारत की कहीं कोई बात सुनी नहीं जाती थी। आज भारत जो कहता है उसे दुनिया कान खोलकर सुनती है। चाहे रूस या यूक्रेन युद्ध हो। जब विश्व इस युद्ध से जूझ रहा था, तब वहां फंसे 30 हजार विद्यार्थियों को सकुशल लाने का कार्य भी इस सरकार ने कर दिखाया।
रक्षा मंत्री ने मंच से प्रत्याशी राजकुमार चाहर को पांच लाख से अधिक वोटों से जिताने की हामी भरवाकर दोबारा जल्द आने का वादा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें