
बाबागंज में सपा की PDA पंचायत: प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार को घेरा, 2027 में बदलाव का किया दावा
बेरोजगारी, पेपर लीक, खाद-बीज की किल्लत और पंचायत चुनाव का मुद्दा उठाया; धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा पर भी जताया विरोध
कुंडा/प्रतापगढ़। बाबागंज कोटा भवानीगंज के पास गुरुवार को आयोजित समाजवादी पार्टी की पीडीए पंचायत में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक, सरकारी नौकरियों में कटौती, खाद-बीज की कमी और चुनावी वादों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता बदलाव करेगी और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।प्रदेश अध्यक्ष ने युवाओं के रोजगार और समय से पंचायत चुनाव न कराए जाने का मुद्दा उठाते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को लेकर भी विरोध जताया।कार्यक्रम को विधायक आरके वर्मा, पूर्व विधायक नागेंद्र यादव, अब्दुल कादिर जिलानी और विधानसभा अध्यक्ष विनीत यादव समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। निर्धारित समय से करीब एक घंटे देरी से पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने लगभग आधे घंटे तक कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।पंचायत में प्रतापगढ़ के साथ कौशांबी और प्रयागराज से भी सपा कार्यकर्ता पहुंचे। हालांकि सभा स्थल पर अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नजर नहीं आई। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में कुंडा से भवानीगंज तक जगह-जगह होर्डिंग और बैनर लगाए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संग्रामगढ़, सांगीपुर और लालगंज समेत कई थानों की पुलिस तैनात रही।