
उड़द के खेत में शौच करने से रोकने पर अधेड़ से मारपीट, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
कुंडा/प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के झींगुर पल्टी का पुरवा गांव निवासी बृजलाल सरोज ने पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ से शिकायत कर आरोप लगाया है कि खेत में शौच करने से मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई और घर में तोड़फोड़ की गई।शिकायत के अनुसार, बृजलाल सरोज ने अपने खेत में उड़द की फसल बो रखी है। उनका आरोप है कि गांव की एक महिला मना करने के बावजूद खेत में शौच के लिए जाती थी। 29 जुलाई को भी महिला खेत में शौच कर रही थी, जिस पर उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।पीड़ित का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद महिला पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग लाठी-डंडों के साथ उनके घर में घुस आए, गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा घर में रखा सामान भी तोड़ दिया। इस घटना में उनके कंधे और सीने में चोटें आई हैं।बृजलाल सरोज का कहना है कि घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।