कछौना में पारिवारिक कलह के चलते गैस एजेंसी कर्मचारी ने लगाई फांसी, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

कछौना में पारिवारिक कलह के चलते गैस एजेंसी कर्मचारी ने लगाई फांसी, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

कछौना / हरदोई। कोतवाली क्षेत्र कछौना से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ नगर पंचायत कछौना पतसेनी के मोहल्ला तिलक नगर में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस आत्मघाती कदम के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और दो मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय आलोक सिंह पुत्र स्नेह कुमार सिंह, जो मूल रूप से कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेहसार के निवासी थे, तिलक नगर मोहल्ले में एक किराए के मकान में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। मृतक आलोक एक गैस एजेंसी पर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी शाहजहाँपुर जिले में संविदा पर एएनएम के रूप में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि वुधवार की रात घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर आलोक सिंह ने देर रात कमरे के अंदर फांसी लगा ली। जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई, तो घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक की दो छोटी बेटियाँ हैं, जिनकी उम्र पाँच वर्ष और दो वर्ष है। पिता की मौत के बाद पत्नी बदहवास है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे मोहल्ले को स्तब्ध कर दिया है। एक हँसते-खेलते परिवार में पसरा यह मातम चर्चा का विषय बना हुआ है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें