क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद में प्रशिक्षण कार्यशाला एवं उत्कृष्ट कार्मिक सम्मान समारोह आयोजित

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद में प्रशिक्षण कार्यशाला एवं उत्कृष्ट कार्मिक सम्मान समारोह आयोजित

विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में कार्यालय अपने क्षेत्राधिकार में एक पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके), गाजियाबाद तथा विभिन्न जनपदों में संचालित 11 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीओपीएसके) के माध्यम से नागरिकों को पासपोर्ट से संबंधित सुविधाएं प्रदान कर रहा है। इन केंद्रों पर कार्यरत कार्मिकों की दक्षता में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है, ताकि आम नागरिकों को सेवाएं और अधिक सरल एवं सुगम रूप से प्राप्त हो सकें।

इसी क्रम में दिनांक 31 जनवरी 2026 को क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद में एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्मिकों के लिए पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश परिमंडल के मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल श्री प्रणव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में निदेशक, डाक विभाग, गाजियाबाद श्री अभिषेक सिंह, वरिष्ठ अधीक्षक, डाक विभाग, गाजियाबाद श्री विशाल पाठक तथा वरिष्ठ अधीक्षक, डाक विभाग, नोएडा श्री भूर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त टीसीएस की ओर से श्रीमती सारिका वर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

अपने संबोधन में मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल श्री प्रणव कुमार ने कहा कि डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र नागरिकों के लिए एक अत्यंत सुलभ और भरोसेमंद विकल्प के रूप में उभरे हैं। डाक विभाग के सहयोग से देशभर में, विशेषकर उत्तर प्रदेश में, पासपोर्ट सेवाओं का प्रभावी विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश के अधिकांश लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं तथा शेष क्षेत्रों में भी आने वाले समय में ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे। वर्ष 2025 के दौरान उत्तर प्रदेश के डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों में 2 लाख से अधिक पासपोर्ट आवेदनों का सफलतापूर्वक प्रसंस्करण किया गया, जो डाक विभाग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मेरठ एवं नोएडा स्थित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों में विस्तार का कार्य प्रक्रियाधीन है। इस विस्तार के पूर्ण होने के बाद प्रतिदिन स्वीकार किए जाने वाले पासपोर्ट आवेदनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिलेगी, जिससे नागरिकों को और अधिक सुविधा प्राप्त होगी।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में डाक विभाग एवं टीसीएस के उन कार्मिकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्ष 2025 के दौरान पासपोर्ट सेवाओं के प्रभावी, त्वरित एवं उत्कृष्ट निष्पादन में सराहनीय योगदान दिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी श्री अनुज स्वरूप ने कहा कि पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करने में डाक विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को उनके निकट ही सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल सहित डाक विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में डाक विभाग से प्राप्त सहयोग और मार्गदर्शन क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के लिए अत्यंत मूल्यवान है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें