
लहरपुर सीतापुर। क्षेत्र के ग्राम केसरी गंज स्थित किसान कल्याण केन्द्र पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के तहत किसानों को बीज शोधन एवं भूमि शोधन के लिए जागरूक किया गया। सहायक विकास अधिकारी(कृषि रक्षा)पंकज कुमार वर्मा ने बृहस्पतिवार को किसानों को बीज शोधन एवं भूमि शोधन के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बीज शोधन से फसलों की रोगों से सुरक्षा कर अधिक पैदावार ली जा सकती है जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। इस मौके पर उन्होंने किसानों को बीज व भूमि शोधन के लिए कार्बेन्डाजिम, ट्राइकोडर्मा व व्यूबेरिया बेसियाना के प्रयोग के बारे में जानकारी दी और बताया कि राजकीय कृषि रक्षा इकाई पर फफूँदीनाशक कार्बेन्डाजिम 50% WP ,जैविक फफूँदनाशक ट्राइकोडर्मा, जैविक कीटनाशक व्यूबेरिया बेसियाना, कीटनाशक के रूप में लैम्डासायहैलोथ्रिन 5% EC, गेहूँ में खरपतवार नियंत्रण हेतु सल्फोसल्फ्यूरान 75%WG अनुदान पर उपलब्ध है, जिसका सभी किसान उपयोग कर लाभ उठाएं। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।